Newsझारखण्ड

पाकुड़ SP की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी: सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर दिए निर्देश

पाकुड़ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी और समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।

 

बैठक में सितंबर महीने के सभी प्रतिवेदित और निष्पादित मामलों की समीक्षा की गई। एसपी ने चोरी, छिनतई और कोयला चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए बैंक, एटीएम और ज्वेलरी दुकानों के आसपास पैदल और बाइक गश्ती बढ़ाने तथा नियमित छापेमारी अभियान चलाने के आदेश दिए। अवैध पत्थर और बालू उत्खनन के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ संयुक्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।

 

इसके अतिरिक्त, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार और सड़क सुरक्षा पर स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के आदेश दिए गए। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए वाहन जांच, हेलमेट और सीट बेल्ट निरीक्षण तथा ड्रंकन ड्राइविंग पर कार्रवाई की जाएगी।

 

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम नियंत्रण, नागरिक सुरक्षा संहिता की परीक्षा और दहेज प्रताड़ना एवं भ्रूण हत्या पर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी की गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *