पांकी महाशिवरात्रि मेले में गोलगप्पा खाने से 50 से अधिक बच्चे बीमार, CHC में भर्ती
पलामू जिले के पांकी में महाशिवरात्रि मेले के दौरान बड़ा स्वास्थ्य संकट सामने आया। मेले में गोलगप्पा खाने के बाद 50 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिजन घबराकर उन्हें तुरंत पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।


अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन के अनुसार सभी बच्चों को निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे। समाजसेवी सुनील गुप्ता भी मौके पर मौजूद रहे और परिजनों को सांत्वना दी।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मेले में लगे खाद्य स्टॉलों की जांच की जाएगी। साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

