पहाड़ी मंदिर परिसर में छापेमारी, अड्डाबाजी और नशाखोरी में 4 युवक पकड़े गए
रांची के पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में अड्डाबाजी और नशाखोरी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाते हुए कार्रवाई की। यह अभियान सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत के नेतृत्व में बुधवार को संचालित किया गया।


सुखदेव नगर थाना पुलिस की मदद से पहाड़ी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डाबाजी करने और नशाखोरी में संलिप्त चार युवकों को मौके से हिरासत में लिया गया। प्रशासन ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की है।
अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी मंदिर एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे स्थानों पर असामाजिक गतिविधियां न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचाती हैं।
पकड़े गए युवकों को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई है। साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों की गरिमा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी असामाजिक गतिविधियां नजर आएं, तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

