पलामू में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
पलामू पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बादल कुमार, हर्षित राज और मनीष कुमार शामिल हैं, जो सभी पलामू जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस को 3 दिसंबर की शाम गोपनीय सूचना मिली थी कि समरटांड़ उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास मादक पदार्थ का सौदा किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।


टीम जब मौके पर पहुंची, तो तीनों युवक पुलिस को देख भागने लगे, लेकिन उन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 29.24 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और 4,400 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह पदार्थ अवैध रूप से खरीद-बिक्री के उद्देश्य से रखा गया था।
चैनपुर थाना में इस मामले को लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे इस नशे के कारोबार से कब से जुड़े थे और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है या नहीं। पुलिस ने नशा कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

