पलामू में केमिकल टैंकर पलटने से चालक की मौत, रिसाव में झुलसने से हुई दर्दनाक घटना
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मेदिनीनगर-रांची मुख्य मार्ग पर दुबियाखाड़ के पास एक केमिकल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ, जब टैंकर रेहला से टंडवा की ओर जा रहा था।


टैंकर पलटते ही उसमें भरा केमिकल रिसने लगा, जिसकी चपेट में आने से चालक गंभीर रूप से झुलस गया। राहगीरों और अन्य ट्रक चालकों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल चालक को बाहर निकाला और मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत चालक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी रमेश कुमार मेहता (45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि टैंकर तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा था। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।
सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने कहा कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद हाइवे पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा।

