Newsझारखण्ड

पलामू में मुखिया पर पीएम आवास और मंईयां योजना की राशि गबन का आरोप, बीडीओ ने जांच शुरू की

पलामू:

छतरपुर प्रखंड के सिलदाग पंचायत के मुखिया उमेश यादव पर प्रधानमंत्री आवास योजना और मंईयां सम्मान योजना की राशि गबन करने का आरोप लगा है। पंचायत की लाभुक प्रभा देवी ने बीडीओ और थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि मुखिया ने उनके नाम पर पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाया और उसमें अपना मोबाइल नंबर लिंक कर लिया।

 

प्रभा देवी के अनुसार, खाते में पीएम आवास योजना की दूसरी किस्त 75 हजार रुपये और मंईयां सम्मान योजना के 5 हजार रुपये जमा हुए थे, जिन्हें मुखिया ने फोन-पे ऐप के जरिए अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि प्रभा देवी को पहले अबुआ आवास योजना के तहत 30 हजार रुपये दिए गए थे और बाद में उन्हें पीएम आवास योजना में भी चयनित कर लिया गया।

 

बीडीओ आशीष कुमार साहू ने कहा कि दो योजनाओं का लाभ एक ही व्यक्ति को दिया गया है, इसलिए एक योजना की राशि वापस ली जाएगी और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं मुखिया उमेश यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *