पलामू में ऑनलाइन गेमिंग-बेटिंग रैकेट का भंडाफोड़, सात साइबर ठग गिरफ्तार
पलामू पुलिस ने हुसैनाबाद अनुमंडल में ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग के नाम पर चल रहे बड़े साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई तब शुरू हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि अनिल कुमार विश्वकर्मा के तीन मंजिला मकान में कई संदिग्ध युवक रुके हुए हैं और ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 30 नवंबर की रात मकान के तीसरे तल्ले पर छापा मारकर सात युवकों को लैपटॉप, टैबलेट और कई मोबाइल फोन के साथ पकड़ा।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े “Khelooyaar.site” की फ्रेंचाइज़ी ID-141 के माध्यम से गेमिंग और बेटिंग का अवैध कारोबार चला रहे थे। उनका नेटवर्क रोजाना 7 से 8 लाख रुपये का लेन-देन करता था, जिसमें फर्जी बैंक खातों और म्यूल अकाउंट्स का व्यापक उपयोग होता था। ग्रामीणों को लालच देकर उनके दस्तावेजों से बैंक खाते खुलवाए जाते और उन खातों का इस्तेमाल मनी ट्रांजैक्शन के लिए किया जाता था।
छापे के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़ी डायरी बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 271/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

