पलामू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई — झाड़ियों में छिपाई गई 2,000 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
पलामू जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2,000 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। यह छापेमारी नावाडिह कजरात रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में की गई, जहाँ शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती क्षेत्र में चुनाव के मद्देनजर शराब की अवैध खेप की तस्करी की जा रही है।


सूचना के आधार पर एसडीपीओ के निर्देश पर एएसआई सोनू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने एक स्प्लेंडर प्लस बाइक (नंबर JH03AS-4069) के साथ 52 बोरी छबली देशी शराब और 10 बोरी नमकी देशी शराब बरामद की। कुल बरामद शराब की मात्रा करीब 2,000 लीटर बताई जा रही है।
मौके से राजन कुमार सिंह, पिता सुनील सिंह, ग्राम काजराट नवाजीडीह, थाना हुसैनाबाद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमा क्षेत्र में अवैध शराब की आपूर्ति रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। इस कार्रवाई में अमर कुमार, धनश्याम प्रसाद, फेकन राम और विवेक कुमार समेत नवाजीडीह–करमाटाड़ थाना पुलिस की टीम शामिल थी।

