प्लास्टिक उन्मूलन व अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद की छापेमारी, ₹9600 का दंड वसूला
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर नगर परिषद चाईबासा द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण, नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड, रांची से प्राप्त निर्देश के आलोक में यह कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में गुरुवार को प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारी सिद्धांत कुमार के नेतृत्व में कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, नगर प्रबंधक लोकेश सिंह एवं सभी राजस्व पदाधिकारियों की टीम ने नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न दुकानों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के ट्रेड लाइसेंस की जांच की गई तथा प्लास्टिक और प्रतिबंधित सामग्रियों को जब्त करते हुए दंड वसूली की गई। अभियान में कुल ₹9600 का दंड वसूला गया।
छापेमारी के दौरान सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों एवं वाहन मालिकों को चेतावनी दी गई और सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया गया। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें।
इस मौके पर नगर परिषद प्रशासक सिद्धांत कुमार ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है। सरकार के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि चाईबासा शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त किया जा सके।
वहीं कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करना नगर परिषद की प्राथमिकता है।
सड़कों पर अवैध रूप से ठेला, दुकान या वाहन लगाकर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस लेकर ही व्यापार करने का निर्देश दिया गया।

