LatestNewsNews postSportsझारखण्ड

पोड़ाहाट में गूंजा खेल का जज़्बा, कुड़मी समाज की फुटबॉल प्रतियोगिता में ढीपा एफसी ने मारी बाज़ी

चाईबासा / सोनुआ पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत पोड़ाहाट राजा बीर अर्जुन सिंह मैदान में कुड़मी समाज की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को गांधी जयंती के शुभ अवसर पर हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को समाजसेवी श्यामधन जी के करकमलों द्वारा किया गया था। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में युवा समाजसेवी सह आंदोलनकारी अमित महतो शामिल हुए। आगमन पर कमेटी के सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। फाइनल मुकाबले से पूर्व मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल का विधिवत उद्घाटन किया।

 

फाइनल मैच डिपा एफसी और रॉयबू एफसी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में डिपा एफसी की टीम ने रॉयबू एफसी को पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। मुख्य अतिथि अमित महतो ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम सिंहभूम में फुटबॉल खेल के लिए अब तक कोई व्यवस्थित स्टेडियम या प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में वह सामाजिक स्तर पर पहल कर क्षेत्र में फुटबॉल क्लब और बेहतर ट्रेनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे ताकि युवा खेल के माध्यम से अपना भविष्य संवार सकें। उन्होंने यह भी कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसके माध्यम से युवा अनुशासन, एकता और स्वास्थ्य का संदेश समाज तक पहुँचाते हैं।

 

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली डिपा एफसी की टीम को 40 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया, वहीं रॉयबू एफसी को उपविजेता के रूप में 27 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रही रेगडबेड़ा की टीम को 15 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही त्रिनाथ बाबा धड़कीडीह की टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में जय ग्राम युवा संघ पोड़ाहाट के पदाधिकारी कर्मवीर, जुगी, राजू, दिलबर महतो और संजय रजक सहित समाज के कई सक्रिय सदस्य एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि आने वाले वर्षों में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रहेंगे, जिससे युवाओं को खेलकूद में आगे बढ़ने का अवसर मिलता रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *