पूर्व CM रघुवर दास ने सपरिवार किया गोवर्धन पूजा, दिया संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जमशेदपुर :-


पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को एग्रिको स्थित अपने आवास पर सपरिवार गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस पूजा में उन्होंने गौरा-गौरी और गोवर्धन की आराधना की। पूजा के दौरान गौमाता को खिचड़ी और गुड़ का भोग लगाया गया। रघुवर दास ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना करते हुए समाज में सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उनके साथ धर्मपत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास, पुत्रवधु और भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू मौजूद थीं। परिवार ने सामूहिक रूप से गौसेवा कर लोक परंपरा और संस्कृति के संरक्षण का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंडवासियों को गोवर्धन पूजा, सोहराय और बांदना पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये पर्व आदिवासी सभ्यता, लोक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें समाज में एकजुटता और प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव सिखाते हैं।
रघुवर दास ने लोगों से अपील की कि वे पारंपरिक पर्वों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखें और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान दें।

