पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गणेश माहली के प्रयास से पाकुड़गोड़ा गांव में लगा 100 के.वी. ट्रांसफार्मर
तीन दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत


गम्हरिया (सरायकेला), 30 जुलाई:
गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत पाकुड़गोड़ा गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप थी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही थी। इस बीच झामुमो नेता एवं सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश माहली के पहल पर गांव में 100 के.वी. क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है।
गांव के माझी बाबा द्वारा बिजली संकट की जानकारी देने पर गणेश माहली ने तत्परता दिखाते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर तत्काल समाधान की मांग की। विभाग की त्वरित कार्रवाई से नया ट्रांसफार्मर गांव में स्थापित कर दिया गया।
बिजली बहाली के बाद गांव में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने गणेश माहली के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे हर आपदा और समस्या में सबसे पहले गांव की सुध लेते हैं।

