प्रेम प्रसंग में खूनी अंजाम, सोनाहातू में युवक की सिर कटी लाश बरामद
रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय हरिहर महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका सिर कटा शव कांची नदी किनारे एडरमहातु–मार्चाडीह गांव के पास से बरामद किया है।


परिजनों के अनुसार, हरिहर महतो का गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध था। आरोप है कि महिला ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। 31 जनवरी की शाम करीब साढ़े छह बजे वह घर से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद 3 फरवरी को सोनाहातू थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। पुलिस ने जांच शुरू की और रविवार को युवक का शव नदी किनारे से बरामद किया। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मृतक की दो साल पहले शादी हुई थी और उसका एक माह का बेटा है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल संदिग्ध महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

