प्रखण्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से पूर्ति स्पोर्टिंग क्लब करलाजुड़ी के तत्वावधान में आयोजित प्रखण्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन किया गया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों से कुल 48 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबलों में अंकित ब्रदर्स विजेता बनी, जबकि नाइट बुलेट उपविजेता रही। तीसरा स्थान टी.एस.एन.आर. एफ.सी. और एक मुंडा फुटबॉल टीम ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। वहीं सांख्य-16 वर्ग में बी.एफ.ए. विजेता और दक्षिण कोल्हान बड़ा गुइरा उपविजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरायकेला-खरसावां जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य लालमुनी पूर्ति, भाजपा एसटी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रानी बंदिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में क्लब के पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

