पश्चिमी सिंहभूम: छह प्रखण्डों में सहायक गोदाम प्रबंधकों का स्थानांतरण, तीन दिनों में प्रभार हस्तांतरण का निर्देश
चाईबासा: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम ने जिले के 15 प्रखण्डों में कार्यरत छह सहायक गोदाम प्रबंधकों का कार्यकाल तीन वर्ष से अधिक होने पर उन्हें बदलते हुए नए सहायक गोदाम प्रबंधकों की प्रतिनियुक्ति की है। आदेश आपूर्ति शाखा की ओर से जारी किया गया।


आदेश के अनुसार बंदगांव, सोनुवा/गुदड़ी, मनोहरपुर, खूंटपानी, कुमारडुंगी और नोवामुण्डी JSFC गोदामों में नए जनसेवकों को सहायक गोदाम प्रबंधक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
वर्तमान पदस्थ कर्मियों का कार्यकाल 5 से 7 वर्ष के बीच पूरा हो चुका था।
इसी बीच जिले में दिसंबर 2025 माह का NFSA एवं JSFSS के तहत खाद्यान्न वितरण कार्य जारी है, परन्तु अभी तक NFSA में मात्र 65.33 प्रतिशत तथा JSFSS में 47.31 प्रतिशत डीएसडी (डोर स्टेप डिलीवरी) कार्य ही पूरा हो पाया है। इसे लेकर प्रशासन ने चिंता जताई है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि वर्तमान सहायक गोदाम प्रबंधक तीन दिनों के भीतर दिसंबर माह का डीएसडी कार्य पूरा कर नए प्रतिनियुक्त सहायक गोदाम प्रबंधकों को प्रभार सौंप दें। साथ ही सभी संबंधित प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रभार हस्तांतरण पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।
आदेश की प्रति संबंधित जनसेवकों, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों, अपर उपायुक्त तथा जिला प्रबंधक JSFC को भेजी गई है।

