पतरातू में जयराम महतो की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, विजय साहू JLKM में शामिल
हजारीबाग। भारी बारिश के बावजूद बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के पतरातू में रविवार को आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोग जुटे। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता और डुमरी विधायक जयराम महतो की इस सभा में उमड़े जनसैलाब ने माहौल को ऊर्जा से भर दिया।


सभा के दौरान आजसू के पूर्व महासचिव और कद्दावर नेता विजय साहू ने JLKM का दामन थाम लिया। विधायक जयराम महतो ने मंच से उनका स्वागत किया और पार्टी में शामिल होने को आंदोलन की मजबूती बताया।

अपने संबोधन में जयराम महतो ने विस्थापितों के सवालों को जोरदार तरीके से उठाते हुए कहा कि “विस्थापितों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। उनकी आवाज़ सदन में गूंजेगी।” उन्होंने आगे कहा कि बीते 25 सालों में राज्य के जनप्रतिनिधियों ने कहीं न कहीं विस्थापितों और जनता के साथ न्याय करने में चूक की है, लेकिन JLKM इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगा।
सभा स्थल पर मौजूद भीड़ लगातार नारेबाजी कर रही थी और जयराम महतो के भाषण के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती रही।

