पुलिस केंद्र चाईबासा में दिवंगत हवलदार शिलास कुजुर को दी गई अंतिम सलामी
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): रविवार को पुलिस केंद्र चाईबासा में पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा लातेहार के निर्देशानुसार लातेहार जिला बल के दिवंगत हवलदार शिलास कुजुर को अंतिम सलामी दी गई। हवलदार शिलास कुजुर गांव, पोस्ट और थाना जगन्नाथपुर, पश्चिमी सिंहभूम के निवासी थे। वे पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज मुदड़ा अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।


चाईबासा पुलिस परिवार की ओर से आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।

साथ ही परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहयोग के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए गए। इस दौरान उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम में परिचारी संतोष कुमार और प्रतीक कुमार उपस्थित रहे। पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा के पदाधिकारियों में प्रदीप ओलिभर मिंज (अध्यक्ष), तारा चांद महतो (सचिव) और अनुप लाकड़ा शामिल थे। इसके अलावा कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे।

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने कहा कि हवलदार शिलास कुजुर ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया। उनके निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत हवलदार को श्रद्धांजलि अर्पित किए।

