राबंगगुटू हाट के पास ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय का पुतला दहन, जेटेया–कोटगढ़ सड़क निर्माण की मांग तेज
जगन्नाथपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): जगन्नाथपुर–नोवामुंडी प्रखंड के जेटेया मोड़ स्थित राबंगगुटू हाट के पास सोमवार को झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय का पुतला दहन किया गया। क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।


जानकारी के अनुसार जेटेया मोड़ से सेलदौरी, करंजीया जेटेया होते हुए आईकुटी, बाहदा और कोटगढ़ तक जाने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। यह सड़क क्षेत्र को मुख्यालय से जोड़ने वाली एकमात्र मार्ग है। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए लाइफ लाइन की तरह है। अस्पताल, मुख्यालय, हाट-बाजार, स्कूल और कॉलेज आने-जाने के लिए लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा के साथ मंजीत कोड़ा, अशोक पान, नसीम अंसारी, सीताराम लागुरी, कृष्णा सिंकु, समियल लागुरी, संजय जेराई, राजेंद्र बालमुचू, लक्षण बालमुचू, दिरी लागुरी, जगमोहन सिंकु, सुखलाल लागुरी, बुधराम लागुरी, सरजोम लागुरी और हिन्दू लागुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।

