राजनगर : अवैध डीज़ल कारोबार का भंडाफोड़, 710 लीटर डीज़ल जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
राजनगर:- थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस ने अवैध डीज़ल कारोबार करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कुटुप रिशिद के पास स्थित एक टायर दुकान में छापेमारी कर अवैध डीज़ल बिक्री का खुलासा किया। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।


जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 05:50 बजे सूचना मिली कि दुकान में ट्रक चालकों से चोरी कर लाया गया डीज़ल ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। छापेमारी के दौरान प्लास्टिक के कई ड्रमों में भारी मात्रा में डीज़ल भरा मिला। पूछताछ में दुकान संचालक डीज़ल की खरीद–फरोख्त से संबंधित सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस ने कुल 710 लीटर डीज़ल जब्त किया है। इसमें
– 19 प्लास्टिक ड्रम में 380 लीटर,
– 4 ड्रम में 60 लीटर,
– तथा 27 ड्रम में 270 लीटर डीज़ल शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक चालकों से चोरी किया गया डीज़ल कम दाम में खरीदते थे और उसे अधिक कीमत पर बेचकर अवैध कमाई करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिफ अंसारी (38 वर्ष), मुस्तकीम अंसारी (52 वर्ष) और मो. हसन अंसारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी चंचल कुमार, अवर निरीक्षक राम गौड़ सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।

