राजनगर के भुईयानाचना गांव में जल संकट: खराब जलमीनार से स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और ग्रामीणों के घरों में पानी की किल्लत”
राजनगर के भुईयानाचना गांव के कोचा टोला में स्थित नल जल मीनार बीते दो महीनों से खराब पड़ा हुआ है। इस मीनार से गांव के सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और लगभग 50 घरों में पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन अब इसकी खराबी के कारण इन संस्थानों और घरों में पानी की किल्लत हो गई है।


ग्रामीणों ने विभाग को कई बार सूचित किया, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं हो पाई है। गांव के निवासी राहुल महतो और दिलीप महतो ने बताया कि इस मीनार के खराब होने से स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और उनके घरों में पानी की समस्या हो गई है, और इसके अलावा कोई अन्य पानी का स्रोत नहीं है।
ग्रामीणों ने सरकार से निवेदन किया है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए और जलमीनार की मरम्मत करवाई जाए, ताकि स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और उनके घरों में पानी की व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।

