राजनगर में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
ऐकडेमिक इंग्लिश हाई स्कूल और एलएम नारायण पब्लिक स्कूल में रंगारंग कार्यक्रमों की रही धूम


सरायकेला जिला के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ऐकडेमिक इंग्लिश हाई स्कूल, राजनगर और बाँकसाई स्थित एलएम नारायण पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। दोनों विद्यालयों में बच्चों ने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ऐकडेमिक इंग्लिश हाई स्कूल में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन और स्कूल के संस्थापक स्वर्ग्य अजय कुमार मिश्रा के तस्वीर पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के संचालक श्री अभिषेक मिश्रा ने इस अवसर पर अपने प्रेरणादायक संबोधन में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि “बच्चों को केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि माँ की ममता की तरह प्यार और दुलार की ज़रूरत होती है। जब शिक्षक बच्चों की जरूरतों को समझते हैं, तभी वे उनका सर्वांगीण विकास कर पाते हैं।” उन्होंने एक कहानी के माध्यम से यह संदेश दिया कि बच्चों की सही परवरिश में शिक्षक की संवेदनशीलता और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है।

इसी क्रम में बाँकसाई स्थित एलएम नारायण पब्लिक स्कूल में भी शिक्षक दिवस समारोह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में JLKM नेता श्री प्रेम मार्डी उपस्थित हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “आज के डिजिटल युग में भले ही गूगल हर सवाल का जवाब दे देता है, लेकिन एक शिक्षक ही सही मार्गदर्शन कर सकता है। शिक्षक का स्थान ईश्वर से भी ऊँचा है, क्योंकि वही बच्चों को जीवन के सही रास्ते पर चलना सिखाता है।”

विद्यालय के संचालक श्री कंपाउंडर महतो ने बताया कि उन्होंने B.Ed की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी के बजाय स्वयं का विद्यालय खोलने का निर्णय लिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्लेटफॉर्म मिल सके। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य सिर्फ पढ़ाई कराना नहीं, बल्कि बच्चों और शिक्षकों के बीच मजबूत रिश्ता बनाना है। शिक्षक दिवस का आयोजन इसी दिशा में एक प्रयास है, जिससे छात्र अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त कर सकें।”

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ और धन्यवाद पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया। विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन की सराहना की।

