“राजनगर में दो बाइकों की भिड़ंत, चार लोग गंभीर — तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह”
राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। राजनगर–टाटा मुख्य मार्ग के पखनाडीह लाइन होटल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक राजनगर की ओर से आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक हेंसल की दिशा से राजनगर की ओर बढ़ रही थी। पखनाडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क किनारे जा गिरे। घटना के बाद स्थानीय समाजसेवी अजय कुमार गोप ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। सभी घायलों को गंभीर हालत में राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, घायलों में दो युवक बनकाटी गांव के निवासी हैं जबकि दो अन्य जोरटांड़ गांव से हैं। घटना की सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर तेज गति से वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड नियंत्रण और सुरक्षा उपायों की मांग की है।

