Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

 

 

राजनगर, रविवार – आगामी दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थाना प्रभारी चंचल कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र की आठ लाइसेंसी दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

 

बैठक में जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो और प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार भी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी चंचल कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा पर्व है, जिसे आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने सभी समितियों से सीसीटीवी कैमरे लगाने, फायर सेफ्टी तथा बिजली से जुड़ी सुरक्षा मानकों का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रशासन द्वारा हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पूजा स्थलों पर सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, मूर्ति विसर्जन के दौरान तय मार्गों का पालन आवश्यक है ताकि यातायात सुचारु रहे। प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क रहेगा।

बैठक में मूर्ति विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फायर और इलेक्ट्रिक सेफ्टी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।

बैठक में हीरालाल सतपति, मुखिया निर्माई सोरेन, पंचायत समिति सदस्य दिनेश प्रधान, राजकपूर प्रधान, समाजसेवी अजय कुमार गोप, शेर मोहम्मद, राजू राउत, बलराम प्रधान, उत्तम प्रधान, शंकर सरदार समेत बड़ी संख्या में समिति सदस्य मौजूद थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *