राजनगर में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का शुभारंभ, 480 बच्चों के सपनों को नई उड़ान
राजनगर:जनजातीय गौरव दिवस और धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राजनगर प्रखंड के खैरबनी में नव-निर्मित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद जोबा माझी उपस्थित थीं। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बैंड-बाजा की धुन पर आगंतुकों का स्वागत किया। जिला कल्याण पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने सभी अतिथियों को बुके एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।


उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रदर्शित किया गया। चंपाई सोरेन ने कहा कि बीते वर्षों में देश में एकलव्य विद्यालयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और इससे आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनगर का यह विद्यालय क्षेत्र के 480 आदिवासी विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा।

सांसद जोबा माझी ने कहा कि शिक्षा ही आदिवासी समाज को सशक्त बना सकती है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से बच्चों को अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिप सदस्य सुलेखा हांसदा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।



