Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में कुड़मी समाज ने धूमधाम से मनाया देश करम महोत्सव

 

 

झारखंडी संस्कृति की पहचान है करमा पर्व – सांसद विद्युत वरण महतो

 

राजनगर, रविवार – झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए राजनगर ब्लॉक मैदान में कुड़मी समुदाय द्वारा बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ देश करम महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने लोगों को संबोधित करते हुए करमा पर्व को झारखंड की परंपरा और पहचान बताया।

 

सांसद महतो ने कहा कि करमा परब पूर्वजों द्वारा दी गई अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करम राजा धन, समृद्धि और शांति का वरदान देते हैं। साथ ही उन्होंने झारखंड के आदिवासी और मूलवासी समुदायों के सामने सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन परंपरा को जीवित रखने का सशक्त माध्यम हैं।

 

सांसद ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि बिखराव के कारण अधिकारों से वंचित होना पड़ता है। उन्होंने समाज से अपील की कि अपने बच्चों को शिक्षित कर आगे बढ़ाएँ ताकि समाज का समग्र विकास सुनिश्चित हो। साथ ही उन्होंने 20 सितंबर को रेल टेका कार्यक्रम को समाज की पहचान और अस्तित्व की लड़ाई करार दिया।

 

कार्यक्रम में झूमर नृत्य और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव को जीवंत बना दिया। लोगों ने परंपरागत नृत्य और संगीत का आनंद लिया। इस अवसर पर कुड़मी समुदाय के प्रतिनिधियों ने कुडमाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी दोहराई।

 

महोत्सव के सफल आयोजन में संघ के अध्यक्ष सुधांशु महतो, उपाध्यक्ष बैद्यनाथ महतो, दिलीप महतो, सचिव साहेबराम महतो, कोषाध्यक्ष घनश्याम महतो, सुबोल महतो, कमलेश्वर महतो, दीपक महतो, सुभाष महतो, उदित महतो, गुरुचरण महतो, दिलीप महतो, दिनेश महतो, दीनबंधु महतो, नीलकमल महतो, नुनुराम महतो, रवि महतो, मुकुट धारी महतो, नरेंद्र महतो, डाकेश्वर महतो, रंजीत महतो, सहदेव महतो, लक्ष्मीनारायण महतो, जगदीश महतो सहित संघ के समस्त सदस्यों ने योगदान दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *