राजनगर : नारी शिक्षा पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में भुईयानाचना के बच्चों ने मारी बाज़ी, हासिल किया प्रथम स्थान
राजनगर। प्रखंड स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत 13 नवंबर को बीआरसी राजनगर परिसर में पूरे ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अपनी-अपनी प्रतिभा का आकर्षक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर आधारित नाटक ने भी लोगों का ध्यान खींचा।


इसी क्रम में यूएमएस भुईयानाचना के बच्चों ने नारी शिक्षा पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति में दमदार अभिनय, स्पष्ट संदेश और सामाजिक जागरूकता का बेहतरीन मेल देखने को मिला, जिसे निर्णायकों और दर्शकों ने खूब सराहा।

इस प्रस्तुति का निर्देशन शिक्षक निर्मल राउत द्वारा किया गया था। उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने विषय की बारीकियों को समझते हुए शानदार प्रदर्शन किया। परिणाम घोषणा के दौरान विद्यालय की टीम को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने विजेता बच्चों तथा शिक्षक निर्मल राउत को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी शिक्षा के महत्व को और अधिक मजबूत बनाने में मददगार साबित होते हैं।

