राजनगर थाना क्षेत्र में युवक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
राजनगर :


राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बना पंचायत के बाना गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां गांव निवासी लोधा हंसदा की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार लोधा हंसदा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में काम करता था। रोज़ की तरह उसे सुबह ड्यूटी पर जाना था, लेकिन ड्यूटी पर निकलने से पहले वह शौच के लिए घर से निकला। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटा और ड्यूटी का समय भी हो गया, तो परिजनों को चिंता हुई।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि पास की नहर में एक शव तैर रहा है। मौके पर पहुंचकर जब परिजनों ने शव की पहचान की, तो वह लोधा हंसदा का ही निकला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तुरंत राजनगर थाना और स्थानीय मुखिया सह प्रखंड अध्यक्ष (JMM) राम सिंह हेंब्रोम को दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। वहीं राजनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मौत के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच साल के एक मासूम बच्चे को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

