Newsझारखण्ड

राज्यपाल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, रांची–ऋषिकेश सीधी ट्रेन की मांग

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंडवासियों को बड़ी सौगात दिलाने की दिशा में पहल की है। उन्होंने रांची से ऋषिकेश के बीच नई रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। यह प्रस्तावित ट्रेन रांची से लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, डेहरी-ऑन-सोन, वाराणसी, श्री अयोध्याधाम, बरेली होते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश तक चलेगी।

राज्यपाल को यह मांग फेडरेशन ऑफ झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा द्वारा दिए गए आवेदन के माध्यम से प्राप्त हुई थी। पत्र में राज्यपाल ने इस मांग को जनहित से जुड़ा अहम विषय बताया है।

राज्यपाल ने कहा है कि इस रेल सेवा के शुरू होने से झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही व्यापार, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में यात्रियों को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि यह सीधी रेल सेवा शुरू होती है, तो श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे पवित्र तीर्थस्थलों तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *