रामगढ़: चुट्टूपालू घाटी में ब्रेक फेल ट्रेलर ने मचाया कहर, पांच वाहन क्षतिग्रस्त, एक दर्जन से अधिक घायल
रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुट्टूपालू घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ की ओर जा रहे छड़ लदे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कई वाहनों से जा टकराया। इस दुर्घटना में एक बाइक सहित कुल पांच वाहन ट्रेलर की चपेट में आ गए।


हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल और निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। हादसे में शामिल इनोवा, बोलेरो, हुंडई आई-10, फॉर्च्यूनर और एक बाइक को भारी क्षति पहुंची है।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर घाटी के एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जबकि दूसरे लेन से वाहनों का आवागमन जारी रखा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, ढलान पर ट्रेलर के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

