Newsझारखण्ड

रांची में दो गुटों के बीच भिड़ंत, पुलिस देखते ही आरोपी ने छत से कूदकर बचने की की कोशिश

रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दो आपराधिक गुटों के बीच हुए संघर्ष ने इलाके में दहशत फैला दी। तुलसी चौक और यूनिस चौक के आसपास शुरू हुई मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। अचानक हुए विवाद के कारण स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी आरिफ पुलिस को देखकर छत से कूद गया। कूदने के दौरान उसका पैर टूट गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की टीम बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

 

हटिया डीएसपी पी.के. मिश्रा के अनुसार यह विवाद सज्जू और अली गुट के बीच पुराने टकराव का विस्तार है। दोनों गुटों के बीच पहले भी गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी अली के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और हाल ही में उसने कब्जे वाली जमीन पर अवैध बाउंड्री दीवार बनाई थी, जिसे पुलिस ने हटवा दिया था।

 

घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज जांच रही है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *