रांची रेल मंडल में यार्ड रिमॉडलिंग, 10 दिसंबर से 7 जनवरी तक कई ट्रेनें रद्द
रांची: रांची रेल मंडल में यार्ड रिमॉडलिंग के चलते 10 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य किया जाएगा। रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, इस अवधि में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद्द किया गया है, जबकि कई का आंशिक प्रारंभ और समापन निर्धारित किया गया है।


निर्धारित अवधि में हटिया–टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस, हटिया–सांकी–हटिया पैसेंजर तथा रांची–बोकारो स्टील सिटी–रांची पैसेंजर का संचालन बंद रहेगा। 23 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक खड़गपुर–रांची–खड़गपुर एक्सप्रेस, धनबाद–रांची–धनबाद एक्सप्रेस, टाटानगर–हटिया मेमू तथा दुमका–रांची–दुमका एक्सप्रेस रद्द रहेंगे। रांची–चोपन व चोपन–रांची एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेगी।
रांची–भागलपुर–रांची एक्सप्रेस 6 और 7 जनवरी 2026 को संचालित नहीं होगी। वहीं कई ट्रेनों का आंशिक संचालन तय किया गया है। बर्द्धमान–हटिया–बर्द्धमान एक्सप्रेस अब केवल बोकारो स्टील सिटी तक चलेगी। आसनसोल–रांची मेमू, खड़गपुर–हटिया एक्सप्रेस और रांची–सासाराम एक्सप्रेस का संचालन क्रमशः मूरी, मेसरा और पिस्का स्टेशन से किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।

