राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरायकेला-खरसावां पुलिस ने किया ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन
सरायकेला | संवाददाता


राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस विभाग की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना, ओपी एवं पुलिस केंद्र सरायकेला में एक साथ आयोजित हुआ।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारी, जवानों के साथ-साथ संबंधित थाना क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करना था।

प्रतिभागियों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों और आमजन ने देशभक्ति के नारों के साथ दौड़ लगाई और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

जिला पुलिस प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी थानों और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया।


