Newsझारखण्ड

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सेमिनार में राजाराम गुप्ता और प्रमिला पात्रों को किया गया सम्मानित   

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा समिति, झारखंड सरकार की ओर से शनिवार को रांची स्थित बीएनआर चाणक्य में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सेमिनार सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर सहायता कर उनकी जान बचाने और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अधिवक्ता राजाराम गुप्ता और जैतगढ़ निवासी प्रमिला पात्रों को गुड समरिटन के रूप में सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, परिवहन सचिव विप्रा भाल, संयुक्त परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) प्रदीप कुमार और परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा ने संयुक्त रूप से दोनों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री ने राजाराम गुप्ता और प्रमिला पात्रों द्वारा सड़क दुर्घटना के घायलों को सदर अस्पताल या निजी क्लीनिक पहुंचाकर किए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना की और उन्हें आगे भी इसी तरह सेवा कार्य जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।

सेमिनार में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इसमें विभिन्न विभागों के मुख्य सचिव, अन्य राज्यों से आए टेक्निकल एक्सपर्ट, विभिन्न जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारी शामिल हुए।

 

पश्चिमी सिंहभूम जिले की ओर से मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन और नेल्सन तिर्की के साथ सड़क सुरक्षा टीम के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर सहायता को बढ़ावा देना और आम लोगों को गुड समरिटन बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

इस सम्मान से जिले में सड़क सुरक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों का मनोबल बढ़ा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *