राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में आज जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण हेतु उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक-सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेन्द्र सोनकेसरी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी- सादर एवं चक्रधरपुर, झारखंड सोशल ऑडिट टीम, जिला संसाधन व्यक्ति जग नारायण जगत और उनकी टीम, पंचायत सेवक एवं सामाजिक सुरक्षा ऑपरेटर उपस्थित थे।


उपायुक्त ने इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार हित लाभ कार्यक्रम योजना अंतर्गत जिले के कुल 35,519 लाभुकों के सामाजिक अंकेक्षण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के तहत सामाजिक अंकेक्षण 20 दिसंबर 2025 से 31 मई 2026 तक सभी प्रखंडों में पंचायतवार संचालित होगा। इसमें लाभुकों के भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। ग्राम सभा, लाभुक सभा और वार्ड सभा के बाद प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत समीक्षा कर जिला और राज्य स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य लाभुकों का सत्यापन करना और अयोग्य, मृत या पलायन कर गए लाभुकों की पहचान करना है। लाभुकों को आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और राशनकार्ड जैसी मूल प्रतियों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

