राष्ट्रीय युवा दिवस पर बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में बिरसा मुंडा ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण, पश्चिम सिंहभूम चाईबासा के सहयोग से सृजन शाखा द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों और बच्चों को ड्रग्स एवं अन्य नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। नृत्य के जरिए यह बताया गया कि नशा किस प्रकार युवाओं के भविष्य को प्रभावित करता है और समाज में नकारात्मक प्रभाव डालता है। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर मारवाड़ी महिला समिति सृजन शाखा की अध्यक्ष रुचि चौबे ने अपने विचार साझा करते हुए बच्चों और युवाओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा न केवल हमारे शरीर के लिए हानिकारक है, बल्कि यह समाज में अपराध, बीमारी और अव्यवस्था को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल व रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सृजन शाखा की सचिव सुधा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्वेता नरेड़ी तथा सदस्य उर्मिला गर्ग, नेहा शर्मा, स्वाति पाड़िया सहित संस्था की सभी सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बिरसा मुंडा ताइक्वांडो अकादमी के मुख्य कोच विजय प्रताप के साथ सभी खिलाड़ी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सही दिशा दिखाना और उन्हें नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ के साथ किया गया।

