राष्ट्रीय युवा दिवस पर नशे के विरुद्ध अभियान का समापन, सफल प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में 5 जनवरी से शुरू हुए “यस टू लाइफ, नो टू ड्रग्स” अभियान का समापन राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को किया गया।


अभियान के सातवें दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थाओं एवं संगठनों में नशे के विरुद्ध जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में आयोजित निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय सूर्य भूषण ओझा तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विनोद कुमार सिंह उपस्थित थे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने जीवन और समय को सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में लगाने की अपील की।
समारोह में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अक्षत श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार रवि चौधरी, अवर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी एंजेलिना नीलम मड़की तथा न्यायिक दंडाधिकारी सह प्रभारी पूजा पांडे भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय पश्चिमी सिंहभूम, महिला कॉलेज, टाटा कॉलेज, जीसी जैन कॉमर्स कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। साथ ही टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रशिक्षक व निदेशक शंखनील बसु, शिक्षक रोशनी झा, राजीव कुमार, विक्रम कुमार, गुरुपदो दास सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।
इसी क्रम में नशे के विरुद्ध जन जागरूकता के उद्देश्य से स्थानीय बस स्टैंड चौक पर इप्टा संस्था की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में इप्टा के अध्यक्ष केशर परवेज, शीतल सुगंधिनी बागे एवं अधिकार मित्र सुमन गोप ने मुख्य भूमिका निभाई।
इससे पूर्व राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने तथा अपने बहुमूल्य जीवन को सकारात्मक कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एलएडीसी के उप प्रमुख सुरेंद्र प्रसाद दास, पैनल अधिवक्ता अमिताभ सरकार एवं अधिकार मित्र विकास दोदराजका ने भी बच्चों को संबोधित किया।

