राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गुमला दौरे को लेकर चाक-चौबंद तैयारी, कार्तिक जतरा में होंगी शामिल
गुमला जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत माँझाटोली स्थित बगीचा मैदान आज एक विशेष और ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। अंतर्राज्यीय जन-सांस्कृतिक महोत्सव ‘कार्तिक जतरा’ में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे हैं। खासकर आदिवासी समाज के लोगों में अपनी राष्ट्रपति को देखने और सुनने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय कलाकार और ग्रामीण अपनी सांस्कृतिक पहचान को मंच पर प्रस्तुत करने के लिए उत्सुक हैं।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों को पूरी तरह सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया है। बगीचा मैदान में प्रवेश व्यवस्था को नियंत्रित किया गया है और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित कर नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
प्रशासनिक तैयारियों के बीच राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गुमला जिले में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

