राशन वितरण में गड़बड़ी पर मंत्री हुए सख्त, 4 अगस्त को ग्राम कुदामसादा में होगा जनता दरबार
तुंबलिया ने कहा- गड़बड़ी पर जिला प्रशासन की निष्क्रियता से हो रही है सरकार की बदनामी


चाईबासा, 30 जुलाई।
टोंटो प्रखंड अंतर्गत राशन वितरण व्यवस्था में लगातार मिल रही शिकायतों पर अब मंत्री स्तर पर नाराजगी सामने आने लगी है। गत 28 जुलाई को बड़ा झींकपानी के टोटा मैदान चौक पर आयोजित सड़क निर्माण कार्य के भूमि पूजन समारोह में ग्राम कुदामसादा के ग्रामीणों ने मंत्री दीपक बिरुवा से सीधे राशन गड़बड़ी की शिकायत की।
ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व मारतोम लागुरी (मुंडा) ने किया। ग्रामीणों ने बताया कि टोंटो प्रखंड में राशन डीलर नियमित वितरण नहीं कर रहे हैं, जबकि कई बार जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्री बिरुवा ने मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी सह आपूर्ति पदाधिकारी ललित कुमार भगत को निर्देश दिया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करें और ग्रामीणों को भरोसा दिलाएं। मंत्री के निर्देश पर बीडीओ ने घोषणा की कि 4 अगस्त को ग्राम कुदामसादा में जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लिसीमोती, बांदाबेड़ा और कुदामसादा के राशन डीलरों को उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है। जनता दरबार में वंचित लाभुकों को राशन दिलाया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए झामुमो टोंटो पंचायत समिति के कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार तुंबलिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वर्षों से टोंटो पंचायत में राशन वितरण में गंभीर अनियमितता चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ डीलर एफसीआई गोदाम झींकपानी से राशन उठाकर चाईबासा के महाजनों को ऊँचे दामों में बेच देते हैं और वितरण के समय नेटवर्किंग की समस्या का बहाना बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जाए तो कई महाजन और अधिकारी इसमें संलिप्त पाए जाएंगे। तुंबलिया ने बताया कि टोंटो पंचायत अति पिछड़ा क्षेत्र है, जहां अधिकारियों की उपस्थिति बेहद सीमित रहती है। पंचायत में तीन राशन डीलर हैं, जिनमें से दो महिला समूहों को आवंटित हैं। विशेष रूप से सेयां मसल महिला समूह, लिसीमोती की डीलर के पास अन्य डीलरों के टैग पर भी संचालन होने की शिकायत है।
दिनेश तुंबलिया ने कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह लापरवाही बरतता रहा, तो झारखंड सरकार की छवि धूमिल होना तय है। उन्होंने मंत्री दीपक बिरुवा के त्वरित हस्तक्षेप की सराहना करते हुए कहा कि अब ग्रामीणों को न्याय की उम्मीद जगी है।

