रातू के तिगरा में कृषि महाकुंभ का शुभारंभ, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किसानों को सौंपे लाभ
रांची के रातू प्रखंड अंतर्गत तिगरा में जिला स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी एवं कार्यशाला 2026 की शुरुआत भव्य रूप से हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधा संवाद किया।


कृषि मेले में किसानों को ट्रैक्टर, आइस बॉक्स के साथ बाइक, किसान क्रेडिट कार्ड, संरक्षित फूलों की खेती की सामग्री, गाय वितरण और मिलेट मिशन से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिया गया। बड़ी संख्या में किसान, महिला स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण लाभुक इस आयोजन में शामिल हुए।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पंचायत और ग्रामीण स्तर पर ऐसे मेलों का आयोजन इसलिए किया जा रहा है ताकि सरकारी योजनाएं सीधे किसानों तक पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि सरकार खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्र में किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करा रही है।
मंत्री ने किसानों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने की अपील की और सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सचिव अबू बक्कर सिद्दीकी, JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कृषि मेले के जरिए किसानों को आधुनिक तकनीक और नई योजनाओं की जानकारी दी गई।

