रेल परिचालन हुआ सामान्य, कुड़मी प्रतिनिधियों को दिल्ली बुलाया गया
रांची।


कुड़मी समाज के रेल टेका आंदोलन से बाधित रेल सेवाएं अब सामान्य हो गई हैं। ट्रैक से धरना हटने के बाद ट्रेनों का परिचालन पूर्व की भांति शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। कई दिनों से प्रभावित लंबी दूरी की ट्रेनों का आवागमन अब समय पर हो रहा है।
इधर आंदोलन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद कुड़मी समाज के प्रतिनिधियों को गृह मंत्रालय ने 23 सितंबर को दिल्ली वार्ता के लिए बुलाया है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में आदिवासी दर्जा देने की मांग समेत आंदोलन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी।
कुड़मी प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के बीच होने वाली इस वार्ता को लेकर पूरे झारखंड, बंगाल और ओडिशा में कुड़मी समाज के लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। आंदोलन की दिशा और भविष्य का फैसला इसी बैठक से तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।

