रेलवे कॉलोनी की समस्याओं को लेकर एडीईएन को सौंपा गया आवेदन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): रेलवे कॉलोनी, चाईबासा के निवासियों ने कॉलोनी की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर सामूहिक रूप से आवेदन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे और एकजुट होकर अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाईं।


कॉलोनीवासियों ने पेयजल की नियमित आपूर्ति, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, गंदी नालियों की सफाई, पार्कों की बदहाल स्थिति तथा क्वार्टर मरम्मत कार्य में हो रही देरी और लापरवाही जैसे मुद्दों को आवेदन में प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि लंबे समय से इन समस्याओं के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में 12 फरवरी 2026 को मरम्मत कार्य के दौरान बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए वेल्डिंग करने से लगी आग की घटना का भी उल्लेख किया गया। यह घटना क्वार्टर संख्या टी-2/5, 7 एवं 8 में निवासी सोमनाथ मुखी के आवास पर हुई थी, जिसमें लगभग 50 हजार रुपये के सामान का नुकसान हुआ। कॉलोनीवासियों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह आवेदन सहायक मंडल अभियंता (एडीईएन) को सौंपा गया। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता दुवारिका शर्मा ने कॉलोनीवासियों का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
कॉलोनी के निवासियों ने प्रशासन से जल्द संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

