Newsझारखण्ड

रूफटॉप बार-रेस्टोरेंट पर झारखंड सरकार सख्त, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए जांच के आदेश

रांची में गोवा हादसे के बाद झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यभर में चल रहे सभी रूफटॉप बार, रेस्टोरेंट और होटलों की फायर सेफ्टी और संरचनात्मक जांच तुरंत करने का निर्देश दिया है। सभी जिलों से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

 

मंत्री ने साफ कहा कि मौजूदा सरकार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किचन की सफाई, गैस पाइपलाइन, चूल्हा और चिमनी की तकनीकी जांच नियमित रूप से कराई जाए। इसके साथ ही फायर सेफ्टी उपकरण और इमरजेंसी एग्जिट पूरी तरह दुरुस्त रहें।

 

डॉ. अंसारी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए प्रशासन सक्रिय है। गोवा में हुई घटना पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में ऐसी स्थिति न हो, इसके लिए सभी होटल, बार, रेस्टोरेंट और अस्पतालों में सुरक्षा जांच अनिवार्य कर दी गई है।

 

उन्होंने गोवा हादसे में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने का आग्रह भी किया। साथ ही उन्होंने कहा कि रांची और झारखंड के मृतकों के परिवारों को राज्य की ओर से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *