सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को जागरूकता अभियान, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग पर बल
सरायकेला-खरसावाँ जिले में आज सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में टॉल रोड कांडरा और सिनी में सड़क उपयोगकर्ताओं को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।


इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहकर दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास करने चाहिए।

अभियान के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच हेलमेट का वितरण किया गया। दोपहिया वाहन चालकों और उनके सह-यात्रियों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया, ताकि सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इसके अलावा ऑटो चालकों को आवश्यक वैध कागजात जैसे परमिट, बीमा और चालक अनुज्ञप्ति के साथ ही वाहन परिचालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विभाग द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

