सड़क सुरक्षा माह : तिरुलडीह थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान, यातायात नियमों के पालन पर जोर
ईचागढ़ : सड़क सुरक्षा माह के तहत मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड कार्यालय चौक पर तिरुलडीह थाना प्रभारी अलम चांद महतो के निर्देश पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। तिरुलडीह थाना के एएसआई रंजीत प्रसाद ने लोगों को यातायात नियमों के महत्व और उनका पालन न करने के खतरों की जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों के पालन को अनिवार्य बताया। जागरूकता अभियान के तहत, नियम तोड़ने वालों को गुलाब देकर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन से संबंधित सभी कागजात दुरुस्त रखने, वैध लाइसेंस के साथ वाहन चलाने और सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की मदद करने की अपील की गई। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी सड़क सुरक्षा माह के तहत वाहन जांच और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
