साहिबगंज में सनसनी: जर्जर भवन में मिली युवती की लाश, परिजनों ने जताई दुष्कर्म व हत्या की आशंका
साहिबगंज से दर्दनाक खबर


बरहेट थाना क्षेत्र के जेटके गांव में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पुलिस ने गांव के स्कूल के पास स्थित एक जर्जर भवन से लगभग 20 वर्षीय आदिवासी युवती का शव बरामद किया। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है।
मृतका की मां ने बताया कि 19 अक्टूबर को वह बेटी के साथ पेलपहाड़ गांव में गुरु बाबा के पास गई थीं। वहां से युवती घर जाने का बहाना बनाकर रिश्तेदार के घर चली गई, लेकिन फिर लौटकर नहीं आई। परिवार ने आसपास के गांवों में खोजबीन की, पर कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शव बरामद हुआ।
परिजनों के अनुसार, मृतका के शरीर पर कई चोट के निशान थे और घटनास्थल पर कपड़े बिखरे हुए थे, जिससे संदेह और गहरा गया है। बरहेट थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मृतका की उम्र को लेकर भी विरोधाभास सामने आया है—परिजनों के अनुसार वह नाबालिग थी।

