साहिबगंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सेमल लकड़ी और वाहन जब्त, चालक गिरफ्तार
साहिबगंज जिले के तालझारी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पारसपानी गांव के पास से सेमल लकड़ी से लदा भुटभुटिया वाहन जब्त किया गया और वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि पारसपानी क्षेत्र में अवैध लकड़ी की ढुलाई की जा रही है। सूचना पर तुरंत टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच में भुटभुटिया से 5 बोटा सेमल लकड़ी बरामद हुई।
गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी है ताकि इस अवैध तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। वन विभाग ने बताया कि इस मामले में वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में अवैध लकड़ी व्यापार पर नकेल कसने के लिए निगरानी और सघन गश्ती को और तेज किया जाएगा।
इस कार्रवाई में वनरक्षी पप्पू कुमार, अखलेश मरांडी, राजेश टुड्डु तथा वनकर्मी रूपेश कुमार, श्याम कुमार और मनी कुमार की सक्रिय भूमिका रही। विभाग ने कहा कि भविष्य में भी अवैध लकड़ी तस्करी रोकने के लिए निरंतर कार्रवाई और मॉनिटरिंग जारी रखी जाएगी।
यह कार्रवाई वन विभाग की सतर्कता और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों को दर्शाती है।

