साकची में डहरे टुसु 2026 की समीक्षा बैठक, आयोजन को और बेहतर बनाने पर जोर
जमशेदपुर।


आज दिनांक 10 जनवरी 2026 को आमबगान मैदान, साकची में डहरे टुसु 2026 के आयोजकों की ओर से 4 जनवरी 2026 (रविवार) को संपन्न हुए डहरे टुसु महोत्सव की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में इसे और अधिक सुव्यवस्थित, पारंपरिक और अनुशासित बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सबसे पहले महोत्सव में शामिल सभी संस्कृति प्रेमियों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने निर्णय लिया कि आगामी आयोजनों में डीजे की जगह पारंपरिक साउंड सिस्टम को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोक-संस्कृति की मूल भावना बनी रहे।
निर्णय के अनुसार, प्रत्येक साउंड सिस्टम के साथ न्यूनतम 10 ढोल, धमका, मादल तथा 6 फीट का चौड़ल अनिवार्य रूप से शामिल करना होगा। इसके साथ ही, भाग लेने वाले सभी साउंड सिस्टम से जुड़े गांवों के कार्यक्रम की जानकारी आयोजन से कम से कम 15 दिन पूर्व सार्वजनिक करना अनिवार्य किया गया।
बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रतिभागियों के लिए सांकेतिक पारंपरिक परिधान पहनना आवश्यक होगा। सभी दलों को आमबगान मैदान में शाम 6:00 बजे तक पहुंचना सुनिश्चित करना होगा, ताकि कार्यक्रम समय पर और सुचारू रूप से संचालित हो सके।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार का ऐसा कार्य नहीं किया जाएगा, जिससे महिलाओं और बच्चों को असहजता महसूस हो। नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य होगा और किसी भी प्रकार की अनदेखी या उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में आयोजकों ने कहा कि इन सुधारात्मक कदमों से डहरे टुसु महोत्सव की गरिमा और पारंपरिक पहचान और अधिक सशक्त होगी, साथ ही समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में सुनिश्चित की जा सकेगी।

