सामाजिक दायित्व की मिसाल: रुंगटा माइंस लिमिटेड द्वारा चाईबासा के विद्यालयों में 600 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण
चाईबासा।


ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रुंगटा माइंस लिमिटेड, चालीयामा स्टील प्लांट (चाईलियामा) की ओर से चाईबासा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शनिवार, 31 जनवरी 2026 को नक़ाहासा गांव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय तांताहासा तथा राजकीयकृत मध्य विद्यालय सिंदरी परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान नर्सरी कक्षा से लेकर उच्च कक्षाओं तक अध्ययनरत लगभग 600 विद्यार्थियों के बीच विद्यालय के निर्धारित स्वेटरों का वितरण किया गया। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकता नजर आया।
इस अवसर पर विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कहा कि ठंड के मौसम में इस प्रकार की सहायता से विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने में सुविधा होती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होती। उन्होंने रुंगटा माइंस लिमिटेड के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय एवं सकारात्मक पहल बताया।
कार्यक्रम में रुंगटा माइंस लिमिटेड की ओर से सीनियर मैनेजर शीतल कुमार भारद्वाज उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में नक़ाहासा विद्यालय के प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार, सिंदरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील प्रसाद गुप्ता, मुनकी मुंडा संघ के पूर्व अध्यक्ष अन्नु हेंब्रोम, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कंपनी के प्रतिनिधि तथा स्थानीय अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

