सांसद जोबा माझी ने सोनुवा स्वास्थ्य मेले में लोगों को दी खान-पान व जीवनशैली सुधार की सलाह
सोनुवा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सोनुवा प्रखंड के महुलडीहा हाई स्कूल मैदान में शनिवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। मेले का उद्घाटन सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने फीता काटकर और दीप जलाकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और मरीज शामिल हुए।


मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता ही स्वास्थ्य की सबसे बड़ी कुंजी है। बेहतर स्वास्थ्य के लिए अपने खान-पान और जीवनशैली में सुधार लाना आवश्यक है ताकि बीमारियों से बचा जा सके और अस्पताल आने की नौबत न आए। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है। सांसद ने क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या कुपोषण की ओर ध्यान दिलाया और इसे दूर करने में स्वास्थ्य कर्मियों और सभी का सहयोग जरूरी बताया।

सांसद जोबा माझी ने मेले में लाभुकों को आयुष्मान योजना का कार्ड वितरित किया। साथ ही राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पीयर एजुकेटर का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किशोर-किशोरियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने सभी स्टाल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य योजनाओं और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. देवी प्रसाद हांसदा ने संचालित स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी और लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की। मेले में स्वास्थ्य जांच, रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर डा. आनंद शिंदे, डा. राज मरांडी, झामुमो नेता दीपक प्रधान, डाक्टर महतो, संतोष मिश्रा सहित कई चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी और लाभुक ग्रामीण उपस्थित थे।
मेले में सैकड़ों मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

