संत जेवियर्स उच्च विद्यालय लुपुंगुटू में भूतपूर्व विद्यार्थी अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): संत जेवियर्स उच्च विद्यालय लुपुंगुटू के सभागार में भूतपूर्व विद्यार्थी अधिवक्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 10 अधिवक्ताओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम में अधिवक्ताओं का मुख्य द्वार पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया तथा पाइप बैंड द्वारा उनकी आगवानी की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय प्रार्थना के साथ हुई। इस अवसर पर पूर्ववर्ती विद्यार्थी संघ के अध्यक्ष फादर किशोर लुगुन एवं संरक्षक फादर पी. डी. थॉमस ने उपस्थित अधिवक्ताओं को स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अधिवक्ता एम. के. पी. राजेन्द्र प्रकाश जोंकों एवं अधिवक्ता काली चरण बोदरा ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि वकील बनने के लिए कठिन परिश्रम एवं दृढ़ इच्छाशक्ति का होना अत्यंत आवश्यक है। वहीं अधिवक्ता अनिल सुंडी ने विद्यालय में कक्षावार विद्यार्थियों के लिए लीगल अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित करने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकवृंद के सहयोग से भव्य रूप से संपन्न हुआ।
मौके पर अधिवक्ता जयपाल सिंह कुंटिया, रोशन गगराई, पूर्ण चंद्र हेस्सा, रामलाल किम्बो, दीपाली महतो, धनेश्वर इचागुटु, सीमा बारी, फादर सुनील खेस, कमिटी सदस्य रमेश दास, डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।

